भारत-नेपाल के बीच गहरे सांस्कृतिक और भौगोलिक संबंधों के चलते पर्यटन, व्यापार और स्वास्थ्य सेवाओं के उद्देश्य से बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक प्रतिदिन नेपाल आते-जाते हैं। अब नेपाल सरकार ने भारतीयों को राहत देते हुए नकद ले जाने की सीमा में बड़ी वृद्धि की है, जिससे पर्यटन और व्यापार दोनों क्षेत्रों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
नेपाल सरकार ने भारतीय पर्यटकों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब भारतीय नागरिक नेपाल में 4 लाख 25 हजार रुपए तक नकद ले जा सकेंगे। यह निर्णय नेपाल के केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।
पर्यटन पर था असर, अब राहत
नेपाल में भारतीय मुद्रा लेकर जाने की सीमा पहले सिर्फ 25,000 रुपए थी। इस सीमा के कारण पर्यटक सीमित खर्च कर पाते थे। व्यापारियों को लेन-देन में मुश्किलें होती थीं। सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीजों को इलाज में दिक्कतें आती थीं। अब नेपाल सरकार ने इस सीमा को बढ़ाकर ₹4.25 लाख कर दिया है।
नेपाल कैबिनेट का फैसला
नेपाल के उपप्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री विष्णु प्रसाद पौडेल ने कैबिनेट बैठक के बाद यह जानकारी साझा की। बताया कि भारतीय नागरिक अब 4.25 लाख नकद लेकर नेपाल जा सकते हैं। ट्रैवलर्स चेक या अमेरिकी डॉलर में $5000 तक की अनुमति है। 100 रुपए से ऊपर के भारतीय नोटों पर प्रतिबंध अब भी लागू है। 6 लाख या उससे अधिक विदेशी मुद्रा होने पर कस्टम में लिखित सूचना देना अनिवार्य होगा।
सीमावर्ती नागरिकों को विशेष राहत
उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे सीमावर्ती राज्यों से बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नेपाल जाते हैं। कई व्यापारिक गतिविधियां नेपाल के साथ जुड़ी हैं।
पर्यटन उद्योग को मिलेगा नया जीवन
नेपाल सरकार का यह कदम न सिर्फ व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि इससे नेपाल का पर्यटन उद्योग भी फिर से पटरी पर लौटेगा। नकद की सीमा बढ़ने से भारतीय पर्यटक अब अधिक आत्मविश्वास के साथ नेपाल यात्रा कर सकेंगे, जिससे होटल, ट्रैवल एजेंसी, गाइड और अन्य स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ होगा।
source :dainik bhaskar